रोहतक की जनता जानती है किसने विकास किया, बहस का विषय ही नहीः विधायक भारत भूषण बतरा

Girish Saini Reports

रोहतक की जनता जानती है किसने विकास किया, बहस का विषय ही नहीः विधायक भारत भूषण बतरा

रोहतक। विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि 10 साल के कांग्रेस राज में रोहतक का जो विकास हुआ, वह सर्वविदित है। उसके बाद भाजपा सरकार ने यहां कुछ नहीं किया, यह भी स्थानीय जनता भली-भांति जानती है, इस पर बहस की जरूरत नहीं। जनता आगामी चुनाव में खुद इसका जवाब देगी। पूर्व विधायक द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बतरा ने कहा कि यह पब्लिक है, सब जानती है। भिवानी रोड पर शिव कॉलोनी में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत जनसभा को संबोधित करने पहुंचे विधायक बतरा का स्थानीय नागरिकों द्वारा जबरदस्त अभिनंदन किया गया। बतरा ने कहा कि 10 साल के कांग्रेस शासन में रोहतक के मूलभूत इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया। लेकिन वर्तमान सरकार उसका मेंटेनेंस भी नहीं कर पाई, बढ़ती आबादी के हिसाब से उसे आगे बढ़ाना तो दूर की बात थी। वर्तमान सरकार जो योजनाएं यहां के लिए गिना रही हैं, उनमें घोटाले हुए। अमृत-1 जैसे मामले को वे खुद विधानसभा के पटल तक लेकर गए। इतना ही नहीं भाजपा के लोकसभा सांसद रोहतक में मुख्यमंत्री के सामने खुद उस घोटाले को स्वीकार कर के सवाल खड़ा कर चुके। इसके बावजूद सब चुप है। विधायक बतरा ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत ही नहीं, इससे पहले भी वे जब भी जिस इलाके में जाते हैं, वहां पर स्वच्छ पेयजल, टूटी सड़कों और सीवरेज की विकराल समस्या है। जनहित के मुद्दों पर बात करो तो उसको भटकाने के लिए जात-पात और धर्म की राजनीति शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हर चीज में राजनीति करते हैं, बात बात में शालीनता खो बैठते हैं। उन्होंने कहा कि 8 साल के शासन में भाजपा ने रोहतक को क्या दिया, यह रोहतक का हर वर्ग अच्छी तरह से जानता है। समय बदल रहा है और आने वाली सरकार कांग्रेस की है। कांग्रेस की सरकार भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में बननी तय है और एक बार फिर रोहतक को विकास के नए आयाम दिए जाएंगे। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहतक हमारा घर है और अपने घर में कोई भी कमी हम रहने नहीं देंगे। इस दौरान पार्षद गुलशन इश्पुनियानी, पार्षद कदम सिंह अहलावत, ओमप्रकाश कादियान, मोनू शर्मा, अशोक जांगड़ा, वजीर सिंह ओहलान, नरेंद्र सिंह, मामचन्द, रवीश ग्रेवाल, पंकज सचदेवा, संदीप सिवाच, दुर्गा प्रसाद, उपेंद्र मलिक, वीरभान पांचाल, सुनीता मोन, नीतू शर्मा, गीता भारती, सुशीला आदि मौजूद रहे।