जीजेयू में कोडिंग आधारित टेक-टॉक आयोजित।
Girish Saini Reports
हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के तत्वाधान में कोडिंग के महत्व और अच्छे कॉरपोरेट जॉब के लिए एक टेक-टॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग सहित अन्य विभागों के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस सेमिनार का आयोजन कोडिंग के क्षेत्र में प्रसिद्ध स्टार्टअप कोडु (केओडीयू) के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कनाडा के प्रसिद्ध टेक-स्टार्टअप कंपनी अलगोस्ड लैब्स लिमिटेड कनाडा के सह संस्थापक निक जोनस व निकोल लुपोविसी थे। मुख्य वक्ता के रूप में आईआईआईटी इलाहाबाद के पूर्व विद्यार्थी व सिस्को के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अमन कुमार और कोडु के ऑपरेशन मैनेजर संदीप सिंह मौजूद रहे। अमन कुमार ने विद्यार्थियों को कोडिंग के महत्व और इंटरपर्सनल रिलेशन कम्युनिकेशन स्किल, राइटिंग स्किल, मैनेजमेंट स्किल और लिंकेडन हैंडलिंग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज की औद्योगिक दुनिया में डिग्री से ज्यादा स्किल्स की मांग है। उन्होंने लिंकडइन प्रोफाइल पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आज के सोशल मीडिया के युग में लिंकडइन के जरिए अपने कनेक्शन बना कर आप कंपनी को अपने बारे में बताकर और रूचि एवं योग्यता के अनुसार जॉब्स पा सकते हैं। कोडू के ऑपरेशन मैनेजर संदीप सिंह ने बताया कि कैसे आप सोशल मीडिया के जरिए अपने पसंदीदा कंपनी से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कैसे आप अपने रिज्यूम को प्रभावी बना सकते हैं ताकि आपकी नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों के विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। विभागाध्यक्ष डा. प्रीति प्रभाकर ने कोडिंग की योग्यताओं को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को कोडिंग के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम का कोआर्डिनेशन व संयोजन इलेक्ट्रिकल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ चरणजीत मदान ने किया। कार्यक्रम में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की अध्यक्षा डॉ प्रीति प्रभाकर, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सुमित सरोहा, कृष्ण जांगड़ा, कल्याण सिंह, डॉ राजेंद्र बेनीवाल, निशा शर्मा, रिचा पहुजा एवं अन्य फैकेल्टी मेंबर भी मौजूद रहे।
admin