होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में मौजूद संभावनाएं जानी छात्राओं ने।

Girish Saini Reports

होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में मौजूद संभावनाएं जानी छात्राओं ने।
होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में मौजूद संभावनाएं जानी छात्राओं ने।

रोहतक। शिक्षा भारती विद्यालय, रामनगर, रोहतक की एनएसएस छात्राओं ने सोमवार को तिलयार स्थित राज्य होटल प्रबंधन संस्थान (एसआइएचएम) का शैक्षणिक दौरा किया। यह जानकारी संस्थान के व्याख्याता विकास देशवाल ने दी। संस्थान प्राचार्य भानु विग ने स्कूल छात्राओं के इस दल का स्वागत करते हुए उन्हें एसआइएचएम में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। विकास देशवाल ने बताया कि इस दौरान छात्राओं को राज्य होटल प्रबंधन संस्थान की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। छात्राओं ने फूड एंड बेवरेज सर्विस, हाउसकीपिंग, किचन, रेस्टोरेंट सहित अन्य जानकारी प्राप्त की। छात्राओं को कोर्स समाप्ति के बाद इस क्षेत्र में मौजूद विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में भी बताया गया। संस्थान के व्याख्याता तरुण हुड्डा व विकास देशवाल ने एनएसएस छात्राओं को पर्यटन उद्योग में बढ़ती संभावनाओं की जानकारी दी। छात्राओं से संवाद करते हुए विकास देशवाल ने कहा कि होटल एंड टूरिज्म एक उभरता हुआ क्षेत्र है, जिसमें महारत हासिल कर विद्यार्थी सुनहरा करियर बना सकते हैं। उन्होंने स्वरोजगार आधारित पाठ्यक्रमों के बारे में बताते हुए छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए। शिक्षा भारती विद्यालय की प्राचार्य ममता भोला और शिक्षिका सोनिया के साथ इस दल में 40 छात्राएं शामिल रही। यह सभी छात्राएं स्कूल में आयोजित एनएसएस कैंप की गतिविधि के रूप में एसआइएचएम के शैक्षणिक दौरे पर थी।