महर्षि दयानंद जयंती समारोह 15 फरवरी को, मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्य अतिथि।
Girish Saini Reports

रोहतक। महर्षि दयानंद जयंती समारोह का आयोजन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में 15 फरवरी को किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल महर्षि दयानंद जयंती समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बताया कि 15 फरवरी को मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वामी दयानंद सरस्वती जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधन करेंगे। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत महर्षि दयानंद जयंती समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस जयंती समारोह से विश्वविद्यालय वर्ष 2024 तक महर्षि दयानंद सरस्वती के जन्म के द्वि शताब्दी के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन करेगा। महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन तथा दर्शन से प्रेरित यह कार्यक्रम समस्त विश्वविद्यालय समुदाय में नव-जागरण का शंखनाद करेगा। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि इस जयंती समारोह में युवा भारत-युवा बोध अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। प्रतिष्ठित आर्य समाजी पद्मश्री डॉ. सुकामा बतौर विशिष्ट अतिथि भाग लेंगी। महर्षि दयानंद जयंती समारोह फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर के मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस महत्त्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्यक्रम आयोजन संबंधित दायित्त्वों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कुलपति ने कहा कि महर्षि दयानंद जयंती कार्यक्रम में विश्वविद्यालय कैंपस के विभिन्न वर्गों समेत एमडीयू से संबद्ध 231 महाविद्यालयों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम में प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी, शोधार्थी-विद्यार्थी, एनएसएस तथा वाईआरसी वालंटियर्स, एनसीसी कैडिटस भाग लेंगे। आर्य समाज तथा गुरुकुल से प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। जयंती समारोह में सुबह 10 बजे मातूराम यज्ञशाला में हवन का आयोजन किया जाएगा। महर्षि दयानंद जयंती का मुख्य समारोह फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर (एफडीसी) मैदान में सुबह 11 बजे से होगा।