पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने किया ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ।
Girish Saini Reports

रोहतक। खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। आज जरूरत है कि खेल संस्कृति के विचार को बेहतर तरीके से समझा जाए। प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए श्रेष्ठ खेल नीति के साथ कार्य कर रही है। सभी लोगों को खेल में भागीदारी करनी चाहिए तभी खेल संस्कृति विकसित होगी। यह कहना है हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर का। पूर्व मंत्री ग्रोवर शुक्रवार को एमडीयू खेल परिसर में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ कर रहे थे। बतौर मुख्य अतिथि मनीष ग्रोवर ने जीवन में खेल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार की खेल नीतियों के चलते आज पूरे विश्व में हरियाणा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने एमडीयू को खेल के क्षेत्र में अग्रणी विश्वविद्यालय बताते हुए यहां खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तरीय खेल मैदानों, प्रशिक्षकों एवं अन्य सुविधाओं की सराहना की। मनीष ग्रोवर ने इस प्रतियोगिता के उद्घाटन की औपचारिक घोषणा करते हुए सभी टीमों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की खेल नीतियों के चलते आज देश में खेलों को बढ़ावा मिला है। इस दिशा में एमडीयू में भी खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एमडीयू में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं एवं वातावरण मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा आभार जताया। डॉ. ढुल ने प्रारंभ में स्वागत भाषण देते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर के चार जोन से चुनी गई 16 श्रेष्ठ टीमें भाग ले रही हैं। भाजपा के पूर्व महामंत्री संदीप जोशी तथा इंदिरा गांधी मीरपुर, रेवाड़ी के पूर्व कुलसचिव मदन गोयल ने बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर उप खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल, डॉ. जयपाल शर्मा, डॉ. आर.पी. गर्ग, पवन तायल, पीआरओ पंकज नैन, कबड्डी कोच विकास कुमार समेत प्रशिक्षक, रेफरी, टीम कोच एवं मैनेजर, प्रतिभागी खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।