गुजविप्रौवि के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कुलपति ने दिलाई शपथ।

Girish Saini Reports

गुजविप्रौवि के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कुलपति ने दिलाई शपथ।

हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चौ. रणबीर सिंह सभागार में संपन्न हुआ। कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने नवनिर्वाचित प्रधान रामनिवास वर्मा, उपप्रधान सुनील शर्मा, महासचिव पुनीत खुराना, सचिव ओमप्रकाश दहिया, सहसचिव शमशेर सिंह व कैशियर उदय सिंह को पद के प्रति सत्य, निष्ठा व ईमानदारी की शपथ दिलवाई। कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण पद को हासिल करने के बाद व्यक्ति को अपने निजी स्वार्थों का त्याग कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकार और कर्तव्य दोनों साथ-साथ चलते हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से निष्पक्षता से कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि वे उस कर्मचारी की बात भी सुने, जो अंतिम पायदान पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हितों की कानून के दायरे में आने वाली हर मांग को पूरा किया जाएगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से उचित मांगे प्रशासन के समक्ष रखने के लिए कहा। कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा ने कहा कि पूरा विश्वविद्यालय एक परिवार के समान होता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कर्मचारियों के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। नवनिर्वाचित प्रधान रामनिवास वर्मा ने स्वागत सम्बोधन किया तथा अपनी आगामी कार्यों की रूपरेखा विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि वे सभी कर्मचारियों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। समारोह को अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी परिसंघ के राष्ट्रीय चेयरमैन एमएल सहगल, हरियाणा विश्वविद्यालय कर्मचारी फैडरेशन के चेयरमैन दिनेश राड़, निवर्तमान प्रधान विरेन्द्र भारद्वाज व पूर्व प्रधान देसराज वर्मा ने भी सम्बोधित किया। संचालन उपनिदेशक जनसम्पर्क डॉ. बिजेन्द्र दहिया ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव नवनिर्वाचित महासचिव पुनीत खुराना ने किया। समारोह में हिसार के वार्ड नम्बर-6 के पार्षद डॉ. उमेद खन्ना ने कुलपति, कुलसचिव व नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। संघ की ओर से चुनाव अधिकारी संजय सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ के प्रधान रामकुमार गुर्जर, लुवास के कर्मचारी संघ के प्रधान तरुण तनेजा, वार्ड नम्बर-7 के पार्षद मनोहरलाल वर्मा, मनोहर मोर्चा के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी व निरंकारी मिशन प्रमुख सुरेश कथुरिया आदि भी मौजूद रहे।