प्रदेश सरकार की खेल नीतियों के चलते आज पूरे प्रदेश में खेलों के अनुकूल माहौल बनाः कुलपति प्रो. राजबीर सिंह
Girish Saini Reports

रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया जाएगा। एमडीयू के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिले, इस दिशा में विवि प्रशासन योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रहा है। यह बात कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने वीरवार को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कही। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की खेल नीतियों के चलते आज पूरे प्रदेश में खेलों के अनुकूल माहौल बना है। एमडीयू में भी खेल को पूरी तवज्जो दी जा रही है। खेल मैदानों में अधिक से अधिक आधुनिक खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को मिले, इसका पूरा प्रयास विवि प्रशासन कर रहा है। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों के लिए सराहते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने खेल निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह ढुल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए हौसला बढ़ाया। खेल निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह ढुल ने इस अवसर पर उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का परिचय देते हुए उनकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा, यूआईईटी निदेशक प्रो. युद्धवीर सिंह, उप-निदेशक खेल डॉ. शकुंतला बैनीवाल, पीआरओ पंकज नैन, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। il