2022 मीटर तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने बनाई मानव श्रृंखला।

गिरीश सैनी Report

2022 मीटर तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने बनाई मानव श्रृंखला।

रोहतक। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहर में मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में देशप्रेम की अलख जगाते हुए लगभग 4 हजार निजी व सरकारी स्कूली छात्र-छात्राओं ने 2022 मीटर तिरंगा लेकर मानव श्रृंखला बनाई। मानसरोवर पार्क से शुरू हुआ यह कार्यक्रम पावर हाउस चौक पर संपन्न हुआ। तपती गर्मी में 2022 मीटर लंबे तिरंगे को थामे स्कूली विद्यार्थियों का जोश काबिले तारीफ था। इस दौरान मानव श्रृंखला के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां भी दी गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार और पुलिस कप्तान उदय सिंह मीना ने शिरकत की। विशेष अतिथि के रूप में एसडीएम राकेश कुमार सैनी, समाजसेवी राजेश जैन, नगर निगम कमिश्नर डॉ. नरहरि बांगड़, महामंडलेश्वर कपिलपुरी, महामंडलेश्वर कर्णपुरी शामिल हुए। रास्ते में जगह जगह खड़े नागरिकों ने भी तिरंगा लहराते हुए प्रतिभागियों का जोश बढ़ाया। स्कूली बैंड और तिरंगा लिए हुए साइकिल सवारों के पीछे खुले वाहनों में मुख्य अतिथि व अन्य अतिथि पूरे कार्यक्रम में साथ बने रहे। कार्यक्रम में सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, संत समाज व आम जन ने विशेष रूप से शामिल होकर राष्ट्र प्रेम का परिचय दिया।