बिगड़े मौसम के चलते श्री अमरनाथ यात्रा स्थगित
प्रदेश में बदले मौसम के चलते श्री अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

पहलगाम और बालटाल, दोनों शिविरों से यात्रा को रोका गया है। बालटाल बेस कैंप से करीब 6 हजार यात्रियों को बालटाल से पवित्र गुफा के मार्ग पर बनाई गई सुरक्षित जगहों पर रोका गया है। पहलगाम के नुनवन बेस कैंप से तीन हजार से अधिक यात्रियों को चंदनवाड़ी और उस से आगे सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मौसम में राहत के बाद ही यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले बुधवार को पवित्र गुफा में 16457 भक्तों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। वहीं, यात्रा के दौरान सोनामर्ग के गुंड स्थान पर एक महिला यात्री की मौत हो गई। पहलगाम से भी हजारों श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा की ओर भेजा गया। इस बीच आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से 6,415 श्रद्धालुओं का जत्था कश्मीर के लिए रवाना किया गया, जो देर शाम तक अपने पड़ाव स्थलों तक पहुंच गया था।देशभर से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। तत्काल पंजीकरण के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। अग्रिम यात्री पंजीकरण करवाने वाले यात्री सीधे ही आधार शिविर पहलगाम और बालटाल पहुंच रहे हैं।