जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट, अब तक 5 मौत

Sangeeta Report

जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट, अब तक 5 मौत

जोधपुर में शादी के घर में हुए सिलेंडर ब्लास्ट में आज सुबह इलाज के दौरान तीन महिलाओं की मौत हो गई। गुरुवार को हुए इस हादसे में अब तक दो बच्चों सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई है, जबकि 40 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है। सभी का जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जोधपुर से करीब 110 किलोमीटर दूर शेरगढ़ तहसील के भूंगरा गांव में यह हादसा हुआ। यहां एक गांव में एक के बाद एक पांच सिलेंडर ब्लास्ट हुए और पूरा गांव दहल गया। जले हुए लोगों को जब जोधपुर के हॉस्पिटल लाया गया तो उन्हें देखकर हर कोई सिहर गया। पूरे हॉस्पिटल में इतने घायलों को देखकर अफरा-तफरी मच गई। जिस समय हादसा हुआ उस दौरान दूल्हा सुरेंद्र सिंह और उसके परिवार के लोग बारात की तैयारी कर रहे थे। महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। बहनें इंतजार कर रही थीं कि कब उनका भाई शादी के फेरों के लिए रवाना होगा। पूरा गांव परिवार की खुशी में शामिल होने आया हुआ था। तभी अचानक एक गैस सिलेंडर में लीकेज से आग भड़कती है और देखते ही देखते पांच सिलेंडर ब्लास्ट हो जाते हैं। इस ब्लास्ट में सुरेंद्र सिंह का पूरा घर तबाह हो गया। घर में जाे टैंट लगाया था वह भी जल गया। परिजनों ने बताया कि आंगन में बैठी महिलाओं पर एक गैस सिलेंडर आकर गिरा।ऐसे में कई महिलाएं झुलस गईं। सीएम आज आएंगे इस हादसे के बाद शुक्रवार सुबह अशोक गहलोत जोधपुर पहुंचेंगे। वे महात्मा गांधी अस्पताल में घायलों व उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। इधर, जिले में इतने बड़े हादसे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने छुट्टी पर गए कर्मचारियों को वापस बुला लिया है।