प्रदेश में विकास के साथ संस्कृति का संरक्षण भी जरूरीः पीयूष शर्मा
anant tripathi report

जयपुर। राजस्थान में विगत दिनों आम आदमी पार्टी नेता डॉ. संदीप पाठक के दौरे के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव और संगठन विस्तार को लेकर सक्रियता है। हालांकि अभी तक प्रदेश कमेटी का गठन न होने से पार्टी से जुड़े लोग अपने-अपने स्तर पर केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। लेकिन, इन सबसे इतर पत्रकारिता से राजनीति में आने वाले युवा नेता पीयूष शर्मा लगातार फील्ड में काफी सक्रिय नजर आ रहे है। विशेष बातचीत में पीयूष शर्मा कहते है कि मैंने पिछले कुछ समय में पूरे प्रदेश के लगभग सभी जनपदों का दौरा कर जनता की मूल समस्याओं को जानने का प्रयास किया है। आज भी जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी विकास नहीं नजर आता। उन्होंने कहा कि एक मजबूत तीसरे मोर्चे के रूप में तेजी से उभर रही आम आदमी पार्टी आम आदमी की आवाज बनकर आगामी चुनाव में विकास की गूंज बनेगी। भाजपा और कांग्रेस के दिन अब लद चुके हैं। युवा आप नेता शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक व साहित्यिक विरासत सत्ताधारी दलों के नेताओं की अंतर्कलह का शिकार हो चुकी है। विकास की रफ्तार रुकी हुई है। प्रदेश मे चौतरफा विकास के साथ ही संस्कृति का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने जनविकास के मंत्र के साथ सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। हर बूथ पर दस यूथ अभियान पर निरंतर कार्य हो रहा है। पार्टी को मिलने वाला जनता का समर्थन हमारे लिए ऊर्जा है। प्रदेश कमेटी के गठन को लेकर पूछे जाने पर पीयूष शर्मा ने कहा कि फिलहाल सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य संगठन का विस्तार और आम आदमी की समस्या के निदान के लिए काम करना है। उचित समय आने पर पार्टी नेतृत्व द्वारा कमेटी की घोषणा की जाएगी।