राजस्थान में कई मंत्रियों के पास एक से अधिक पद, फिर महेश जोशी पर ही एक्शन क्यों? जानें पूरा मामला
anant tripathi report

जयपुर : राजस्थान के जलदाय मंत्री महेश जोशी (Rajasthan Minister Mahesh Joshi) ने पार्टी के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वीकार भी कर लिया। हालांकि, इस घटनाक्रम के पीछे संगठन के नेता अलग-अलग कारण बता रहे हैं। प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि जोशी का इस्तीफा स्वीकार करने की वजह उनके पर कार्रवाई करना है। दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा का कहना है कि 'एक व्यक्ति एक पद' के सिद्धांत को मानते हुए महेश जोशी ने इस्तीफा दिया था। जिसकी वजह से मुख्यमंत्री ने इसे स्वीकार कर लिया। हालांकि, डोटासरा के बयान को लेकर सवाल उठने लगे कि अगर एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत लागू होना है तो सिर्फ महेश जोशी पर ही क्यों लागू किया जा रहा? कांग्रेस सरकार के कई मंत्री और अन्य नेता हैं जिनके पास दो-दो पद हैं। अगर उदयपुर के चिंतन शिविर में तय किए गए फार्मूले को लागू करना है तो सभी नेताओं पर करना चाहिए। अगर महेश जोशी ने जानबूझकर एक पद छोड़ा है तो क्या अन्य मंत्री भी पद छोड़ेंगे। गहलोत सरकार के इन मंत्रियों के पास हैं दो-दो पद कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल के दो पद हैं। नगरीय विकास विभाग और संसदीय कार्यमंत्री होने के साथ धारीवाल राजस्थान हाउसिंह बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। राजस्थान के मंत्री रामलाल जाट के पास मंत्री पद होने के साथ पार्टी के उपाध्यक्ष का पद भी है। कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय जल संसाधन मंत्री हैं। साथ ही मालवीय कांग्रेस संगठन में उपाध्यक्ष भी हैं। गोविंद राम मेघवाल आपदा प्रबंधन मंत्री होने के साथ पार्टी के उपाध्यक्ष भी हैं। कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री होने के साथ जयपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। उच्च शिक्षा और गृह राज्य मंत्री होने के साथ राजेंद्र यादव के पास जयपुर देहात जिलाध्यक्ष का पद भी है। इस तरह सरकार के छह मंत्री ऐसे हैं जिनके पास एक से ज्यादा पद हैं। तीन साल पहले उदयपुर में हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर में 'एक व्यक्ति एक पद' सिद्धांत लागू किया जाना तय हुआ था। इन छह मंत्रियों में से किसी ने भी मंत्री रहते हुए दूसरा पद नहीं छोड़ा। इन नेताओं के पास भी है दो-दो पद कांग्रेस नेता रेहाना रियाज राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष होने के साथ-साथ महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। कांग्रेस विधायक जीआर खटाणा भवन और सार्वजनिक कार्य समिति के अध्यक्ष होने के साथ राजस्थान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव भी हैं। कांग्रेस विधायक हाकम अली वक्फ विकास बोर्ड के अध्यक्ष होने के साथ पार्टी के प्रदेश महासचिव भी हैं। इसी तरह पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के पास भी दो पद हैं। राष्ट्रीय सचिव होने के साथ धीरज गुर्जर राजस्थान सीड्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष भी हैं।