शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को 24 घंटे में मिली बेल, ड्रग्स में हिरासत में लिया गया था
सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु में एक रेव पार्टी में हिरासत में लिया गया था और बाद में मेडिकल रिपोर्ट में उनके ड्रग्स के सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को कथित तौर पर ड्रग्स लेने के आरोप में 13 जून को गिरफ्तार किया गया था, अब उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है। सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु में एक रेव पार्टी में हिरासत में लिया गया था और बाद में मेडिकल रिपोर्ट में उनके ड्रग्स के सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके साथ गिरफ्तार किए गए चार अन्य लोगों को थाने की जमानत पर रिहा कर दिया गया है। जब उन्हें दोबारा बुलाया जाएगा तो उन्हें पुलिस के सामने पेश होना होगा। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद बेंगलुरु के पॉश एमजी रोड स्थित एक होटल में छापेमारी की थी, जहां एक पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। पुलिस ने 35 लोगों के नमूने एकत्र किए थे जिनपर पुलिस को ड्रग्स लेने का संदेह था। सिद्धांत कपूर का नमूना उन 6 लोगों में शामिल था जिनकी रिपोर्ट में ड्रग्स पॉजिटिव आया था, इसके बाद ही उन्हें हिरासत में लिया गया था।