बीजेपी-जेजेपी सरकार जनता का वोट लेकर जनता को ही भूल गयी, लोग अपनी बात कहने जाएं तो बदले में लाठियां मिलती हैं: आशा हुड्डा
Girish Saini Reports

रोहतक। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी आशा हुड्डा ने रविवार को रोहतक में आयोजित आधा दर्जन से ज्यादा सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लोगों को रंगों के त्योहार होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली का त्यौहार आपस में खुशी से मिलजुल कर मनाएं। एक-दूसरे के सुख-दुःख में शामिल हों। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई का बुरा हाल है। महिलाएं होली के त्योहार की तैयारी कर रही थी कि सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम ही बढ़ा दिये ताकि वो होली की गुझिया भी न बना सकें। उन्होंने कहा कि रोहतक में पीने का साफ पानी तक उपलब्ध नहीं है। अच्छी सड़कें, पीने का साफ पानी, बढ़िया सीवर व्यवस्था बिजली आदि देना सरकार का फर्ज होता है। ये सरकार जनता का वोट लेकर जनता को ही भूल गयी। जनता की बात सुनना ही भूल गयी। किसान, कर्मचारी, सरपंच, नौजवान, आंगनबाड़ी वर्कर, मनरेगा मजदूर जब सरकार से अपनी बात कहने जाते हैं तो बदले में लाठियां मिलती हैं। प्रजातंत्र का मतलब होता है कि यदि कोई अपनी समस्या लेकर आये तो सरकार उसकी समस्या सुने और उसका समाधान निकाले। इस अवसर पर विधायक भारत भूषण बतरा भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि 70 साल में जो नहीं हुआ था वो बीजेपी सरकार कर रही है। आज हर वर्ग सड़कों पर है और हर वर्ग पर लाठियां चल रही हैं। हजारों सरपंचों पर एफआईआर दर्ज हो गयी। 70 साल में कभी बहन-बेटियों को वाटर कैनन की बौछार मारकर लाठियों से नहीं पीटा गया, लेकिन भाजपा राज में ये भी हो रहा है। आशा हुड्डा ने कहा कि जो सरकार बहन-बेटियों की इज्जत नहीं कर सकती उसे राज करने का कोई हक नहीं है। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की बात करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हर बार पेपर लीक और भर्ती कैंसल हो रही है। 8 साल से पेपर लीक हो रहे है लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया। इस सरकार ने हरियाणा के युवाओं के साथ सबसे भद्दा मजाक ये किया है कि हरियाणा की नौकरियों में गैर-हरियाणवियों को वरीयता दे रही है। पहले हरियाणा के बच्चों को नौकरियों में अहमियत देने के प्रावधान थे। लेकिन ये सरकार हरियाणावासियों के बच्चों को बेरोजगार बना रही है, उनसे शिक्षा के साधन छीने जा रहे हैं। हजारों स्कूल बंद कर दिये, सरकारी कॉलेज, आईटीआई, आईआईटी, मेडिकल शिक्षा महंगी कर दी ताकि हमारा युवा अच्छी शिक्षा हासिल न कर पाये। हरियाणा का युवा देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी झेल रहे हैं। जो सरकार हमारे नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने पर तुली हुई है उससे आने वाले समय में वोट की चोट से बदला लेना है।