भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के लिये निकाली मंगल कलश यात्रा।
Girish Saini reports

रोहतक। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा पुराना आईटीआई मैदान में 28 जनवरी से 3 फरवरी 2023 तक श्रीमद देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के आयोजन पर विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली गई। गाजे बाजे के साथ यह यात्रा दुर्गा भवन मंदिर से शुरू होकर भिवानी स्टैंड, झज्जर रोड, शांतमाई चौक, छोटू राम पार्क, तहसील, कंपनी पार्क, रेस्ट हाउस, शक्ति नगर, डीएलएफ कॉलोनी होती हुई पुराना आईटीआई मैदान पर पहुंची। जयश्री राम, जय माता के उद्घोष लगाती महिलाओं ने अपने कलश को कथा स्थल के पंडाल में विराजित किया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि कलश यात्रा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा, समाजसेवी उद्योगपति राजेश जैन की पत्नी संध्या जैन, डॉ. शरणजीत कौर, स्वामी अभेदानंद, स्वामी अनीशानंद, स्वामी सूर्यानंद, सुभाष तायल, राजीव जैन ने धर्म की झंडी दिखाकर शहर भ्रमण के लिए रवाना किया। यह कथा आशुतोष महाराज की शिष्या विदुषी आदिति भारती करेगी। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 से सायं 6 बजे तक रहेगा। कथा के लिए बनाए गए पंडाल में महिलाओं व पुरूषों के लिए बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। सुरक्षा दृष्टि से कथा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा पीजीजीईडीएस के डॉक्टरों के सहयोग से निशुल्क दंत जांच चिकित्सा शिविर एवं निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे।