सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए एडीसी कार्यालय में लगाई एलईडी स्क्रीन, एडीसी महेंद्र पाल ने किया शुभारंभ।
Girish Saini Reports

रोहतक।: मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल ने मंगलवार को विधिवत रूप से इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिला विकास भवन में विभिन्न कार्यों के लिए रोजाना बड़ी संख्या में आमजन के अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों का आवागमन रहता है, इन लोगों के लिए जिला विकास भवन के प्रथम तल पर वेटिंग एरिया बनाया गया है। इस एरिया में ही एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। महेंद्र पाल ने कहा कि कार्य दिवसों के दौरान एलईडी स्क्रीन पर सुबह 9 से सायं 5 बजे तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से संबंधित वीडियो क्लिप लगातार चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एलईडी स्क्रीन लगाने का मकसद यही है कि लोगों को प्रतीक्षा के दौरान सरकार की नीतियों व योजनाओं की जानकारी मिल सके ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। इस मौके पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह मलिक सहित विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।