जीजेयू कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज ने दी नववर्ष की बधाई

Girish Saini Reports

जीजेयू कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज ने दी नववर्ष की बधाई

हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने कहा कि विश्वविद्यालय ने 26 साल की अपनी यात्रा में कई शानदार मुकाम हासिल किए हैं। जीजेयू का गतवर्ष नैक द्वारा ‘ए प्लस’ ग्रेड पाना एक श्रेष्ठ उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अभी यात्रा खत्म नहीं हुई, बल्कि शुरू हुई है। कुलपति ने विश्वास व्यक्त किया कि विवि परिवार कार्यक्षमता और कार्य के प्रति समर्पण के बल पर हर बड़े मुकाम को हासिल करने में सक्षम है। प्रो. बलदेव राज काम्बोज सोमवार को नववर्ष के उपलक्ष्य में हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस भवन के सामने लॉन में आयोजित एक समारोह में जीजेयू के शिक्षकों, गैर शिक्षक कर्मचारियों व अधिकारियों से रूबरू हो रहे थे। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा भी उपस्थित रहे। प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने कहा कि गत वर्ष विश्वविद्यालय के लिए उपलब्धियों से भरा वर्ष रहा। वे इस वर्ष भी विश्वविद्यालय के लिए और अधिक उपलब्धियों व विश्वविद्यालय परिवार की सुख समृद्धि व शांति की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति समर्पण व लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। नववर्ष जहां नए संकल्पों को स्थापित करने का समय होता है, वहीं नई चुनौतियों से भी रूबरू करवाता है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2022 में जीजेयू को 1001 से 1200 रैंकिंग बैंड में स्थान मिलना इस विवि की अंतरराष्ट्रीय ख्याति को प्रदर्शित करता है। जीजेयू का एच इंडेक्स 106 है जो कि शोध व शिक्षण के उत्कृष्ट स्तर का प्रत्यक्ष प्रमाण है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय होने के बावजूद जीजेयू की खेल उपलब्धियां अत्यंत गौरवमयी हैं। सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय लगातार बेहतर कर रहा है। यहां की प्रयोगशालाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हैं। विद्यार्थी व शोधार्थी लगातार नए अनुसंधान कर रहे हैं। इस मौके पर कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार के हर शिक्षक व कर्मचारी से व्यक्तिगत मुलाकात की।