*परिवहन मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय रुपईडीहा बस स्टेशन का किया उद्घाटन*
संवादाता :- बच्चे भारती

रूपई डीहा बहराइच भारत नेपाल सीमावर्ती रूपईडीहा कस्बे में स्थित अंतर्राष्ट्रीय बस स्टेशन का उद्घाटन प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दया शंकर सिंह ने फीता काट कर किया। उद्घाटन के अवसर पर रोडवेज बस स्टेशन परिसर में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए परिवहन मन्त्री दया शंकर सिंह ने कहा कि तमाम सुविधाओं से लैस इस अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे से भारत के यात्रियों के साथ साथ पड़ोसी देश नेपाल के यात्रियों को भी एक अच्छी और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। और लोगों को अब बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के यात्रियों को सुविधा देने के लिए लगभग पांच करोड़ रूपये की लागत से बने इस बस स्टेशन का लोकार्पण 6 मार्च 2019 को मुख्य मंत्री द्वारा किया गया था। परन्तु कारोना काल के कारण इस बस स्टेशन का उद्घाटन नहीं हो सका था। उन्होंने कहा कि रूपईडीहा बस स्टेशन को पांच नई बसें भी दी गई हैं। परिवहन मन्त्री ने कहा कि आज मोदी व योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश का प्रत्येक क्षेत्र विकास के पथ पर अग्रसर है, हमारी सरकार अब वादे नहीं विकास करती है। उन्होंने कहा कि इस बस स्टेशन को सरकार की ओर से सारी सुविधाएं दी जायेगी। उन्होंने कहा कि कभी कभी नेपाली यात्रियों के अधिक संख्या में आ जाने की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त बसें समय से उपलब्ध कराया जाना सम्भव नही हो पाता था। इन्हीं समस्याओ के निवारण के लिए रुपईडीहा बस डिपो का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी इस डिपो से 25 बसें सम्बद्ध की जा रही है, आगामी कुछ महीनों में 50 बसें रुपईडीहा डिपो से सम्बद्ध की जायेगी। मंत्री सिंह ने कहा कि रुपईडीहा डिपो को प्रचुर मात्रा में नई बसे भी मार्च 2023 तक उपलब्ध करा दी जायेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस बस स्टेशन के भूतल पर पूछताछ कक्ष, पेयजल व्यवस्था, पुरुषों तथा महिलाओं हेतु पर्याप्त प्रशाधन व्यवस्था के साथ साथ कैण्टीन की व्यवस्था की गयी है। आने वाले दिनों में यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही रात में देर होने पर रुकने की भी व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस डिपो से रात दिन परिवहन सेवाएं उपलब्ध रहेगी। बसों की साफ सफाई के लिए आटोमेटिक प्लांट भी लगा दिया गया है। इस अवसर पर उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम,अयोध्या धाम, प्रयागराज धाम, बिठूर धाम व लखनऊ के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुछ क्षेत्रीय लोगों ने डग्गामार वाहनों के संबंध में जब मंत्री जी सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जब हमारी रोडवेज बसें बढेगी तो भारत नेपाल सीमा पर अवैध तरीके से चलने वाले वाहनों पर यहां पर बैठने वाले परिवहन अधिकारी इन पर अंकुश लगायेंगे। कार्यक्रम को नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, डॉक्टर सनत कुमार शर्मा,जरनल मैनेजर आर एन वर्मा,रीजनल मैनेजर अंकुर विकास, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रेम कुमार, आदि लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा,रुपईडीहा मंडल किसान मोर्चा अध्यक्ष भीमसेन मिश्रा, मैनेजर वी के चौधरी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डीके तिवारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त अशोक कुमार मेहरोत्रा,ए आर एम बहराइच सहित अन्य परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।