प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता स्वाति, महक, डिंपल, महक व पूर्वी की टीम बनी विजेता
Girish Saini Reports

हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के एनसीसी विभाग के सौजन्य से जी-20 प्रेसीडेंसी विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीटीओ डॉ. मीनाक्षी भाटिया ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन तृतीय हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी हिसार के निर्देश पर कराया गया। इस प्रतियोगिता में आर्मी गर्ल्स कैडेट्स ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स को जी-20 के बारे में जागरूक करना था। सीटीओ डॉ. मीनाक्षी भाटिया ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन प्रशिक्षक मनीषा पायल व अंडर ऑफिसर लक्ष्मी व अनु यादव की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में 30 आर्मी गर्ल्स कैडेट्स को चार टीमों अल्फा, ब्रावो, चार्ली व डेल्टा में विभाजित किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के पांच राउंड हुए, जिसमें प्रत्येक टीम को पंद्रह सेकंड का समय दिया गया। कैडेट्स ने रूचि के साथ प्रश्नों का जवाब दिया। प्रतियोगिता की विजेता टीम ब्रावो रही, जिसमें स्वाति, महक, डिंपल, महक व पूर्वी शामिल रहे।