ससुराल के तानों से तंग आकर एक और बेटी ने दी जान....
Sangeeta Tanwani report

शादी के 10 साल बाद एक विवाहिता ने सुसाइड कर लिया। सामने आया कि, पति उसे कुरूप होने का ताना देकर परेशान करता था। वहीं ससुर गलत नजर रखकर दहेज के लिए परेशान करता था। तंग आकर घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मामला पाली का है। शहर के बापूनगर विस्तार की रहने वाली 30 साल की हेमलता पत्नी जितेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने रविवार देर शाम घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी हेमलता राजपुरोहित की शादी 12 जून 2012 को जितेन्द्र सिंह राजपुरोहित के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से की थी। शादी के कुछ साल तक सब ठीक चला। दोनों के एक बेटी भी हुई। लेकिन कुछ सालों से पति अपनी पत्नी को कुरूप होने का ताना देकर परेशान करने लगा। झगड़ा कर दूसरी शादी करने की बात कहता था। पिता ने बताया कि बेटी का ससुर हनुमान सिंह आए दिन पीहर से कार लाने को लेकर परेशान करता था। यहां तक कि बेटी पर बुरी नजर भी रखता था। पिता ने बताया कि उनकी बेटी 19 नवम्बर 2021 को ही हैदराबाद से पाली अपने ससुराल आई थी। 11 दिसंबर को बेटी के ससुर ने उसके फंदे पर लटकने की जानकारी दी। मौके पर जाकर पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद शव को हॉस्पिटल लेकर गए। मृतका के एक 8 साल की बेटी है।