वाह वाह गोबिंद सिंह- गाकर किया संगत को निहाल, गुरुद्वारा सोमा शाह में कीर्तन दरबार आयोजित।
Girish Saini Reports

रोहतक। डीएलएफ कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह में रविवार को दशम सिख गुरु गोविंद सिंह साहिब का 356 वां प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। रंग बिरंगे फूलों और लाइटों से सजे दीवान हाल में संगत ने माथा टेक कर सुख शांति की अरदास की। इससे पहले गुरूद्वारा साहिब में जारी अखंड पाठ का समापन हुआ। इस मौके पर विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया। कीर्तन दरबार में बीबी मनजोत कौर ने- वाह-वाह गोविंद सिंह आपे गुरु चेला, गुर सिमर मनाई कालका खंडे की वेला- का गायन कर संगत को निहाल किया। शब्द गुरबाणी के साथ ही गुरु गोविंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कीर्तन दरबार में मौजूद संगत को उनकी जीवन गाथा सुनाई गई। देर रात तक चले इस कीर्तन दरबार में अरदास उपरांत गुरु का लंगर अटूट बरताया गया। उपस्थित साध संगत को फल एवं मिठाइयां भी वितरित किए गए।