दिल्लीः घर के पास खेल रही 5 साल की बच्ची का अगवा कर दुष्कर्म, महिला आयोग ने जारी किया नोटिस
ajay kumar report
दिल्ली देश की राजधानी है। सुरक्षा के लिए यहां हर चौक-चौराहे पर पुलिस के जवान, सीसीटीवी कैमरे लगे है। लेकिन इसके बाद भी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध के मामले थमते नजर नहीं आ रहे। अब दिल्ली में पांच साल की एक बच्ची को अगवा कर उसके साथ रेप की घटना सामने आई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में घर के बाहर खेल रही 5 साल की बच्ची को अगवाकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस केस में दिल्ली पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इधर घटना की जानकारी सामने आने पर दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस को नोटिस जारी किया है। मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में करीब पांच साल की एक लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिले हैं और उन्हें अगले 24 घंटों में आरोपियों के पकड़े जाने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची का अपहरण बुधवार शाम को उस वक्त किया गया, जब वह अपने घर के पास खेल रही थी। गुरुवार सुबह वह पास के एक पार्क में मिली। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात 5 साल की एक बच्ची के लापता होने के संबंध में सूचना मिली और उसके बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 363 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि बच्ची का पता लगाने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। मस्जिद के लाउडस्पीकर से भी घोषणा कराई गई थी और बच्चे की एक तस्वीर सभी पुलिस अधिकारियों को प्रसारित की गई थी। पुलिस टीम ने बच्ची को ढूंढ लिया और उसे कानून के अनुसार मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों ने यौन उत्पीड़न की पुष्टि की, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी में आईपीसी की धारा 376 (दुष्कर्म) और 6 पोक्सो अधिनियम को जोड़ा गया।